नियामताबाद। विकासखंड के चंदरखा गांव में मस्जिद व मुख्य मार्ग पर बारिश के चलते जलभराव होने से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को पीडीडीयू नगर तहसील गेट पर प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने एसडीएम को पत्रक सौंपकर कार्रवाई की मांग की। जिसपर एसडीएम ने तहसीलदार को मौके पर जाकर मामले के निस्तारण के लिए निर्देशित किया। जिस पर ग्रामीण शांत हुए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण मस्जिद मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। निकासी के अभाव में घरों से निकले वाला पानी भी रूक जा रहा है। इससे होने वाले जलभराव से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। वहीं पानी मस्जिद के पास स्थित घरों में भी चला जा रहा है। इससे ग्रामीण काफी परेशान हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पानी निकासी के लिए लगभग तीन फीट जमीन पहले से ही छोड़ी गई है बावजूद नाली का निर्माण नही किया जा रहा है। समस्या के निस्तारण के लिए कई बार ग्रामीण कई बार अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से गुहार लगा चुके है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। मार्ग से आने जाने में भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जलभराव के चलते उठने वाली दुर्गंध से भी लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस बाबत तहसीलदार आनंद कुमार ने बताया कि जल्द ही जलनिकासी की समस्या का समाधान हो जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में तेजू यादव, नीतीश, दिनेश, गुफरान, सुजाउद्दीन, सिपाही, छोटू, अशोक मौजूद रहे।