पीडीडीयू नगर। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को शहाबगंज कस्बे के राम नारायण साहनी ने ग्राम प्रधान पर मकान तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाया। इस पर एसपी एसपी आदित्य लांग्हे ने सीओ को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया। समाधान दिवस पर पुलिस और राजस्व से संबंधित कुल 46 प्रार्थना पत्र आए। इसमें से 19 का मौके पर निपटारा किया गया।
एसपी आदित्य लांग्हे ने शहाबगंज थाने में लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान चार प्रार्थना पत्र आए। कस्बा के राम नारायण साहनी ने वर्तमान प्रधान पर मकान तोड़कर कब्जा करने की शिकायत की। इस पर एसपी ने सीओ को मौके पर जाकर जांच का निर्देश दिया। भटरौल गांव के अनीश और कटवा माफी के विकास ने जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत की। मानिकपुर की गुलजारी देवी ने हैंडपंप और शिवपुर माफी के भुलई सोनकर ने रास्ता के निर्माण में अवरोध पैदा करने की शिकायत की। एसपी ने अतिक्रमण हटवाने का निर्देश दिया। मुगलसराय कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में तीन प्रार्थना पत्र आए। इसमें दो राजस्व और एक पुलिस से संबंधित थे। किसी भी शिकायत का निपटारा नहीं हो सका। इससे पहले एसपी ने थाने का निरीक्षण किया और मातहतों को अभिलेखों को दुरूस्त रखने का निर्देश दिया। क्षेत्र के 67 गांवों में मात्र 49 में ही चौकीदार तैनात किए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी से नाराजगी जताई। इस दौरान एसडीएम दिव्या ओझा, सीओ राजीव सिसोदिया, थाना प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग आदि मौजूद रहे। चकिया कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में कोतवाल अतुल प्रजापति ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आए 12 प्रार्थना पत्रों में से तीन का निपटारा किया गया।