इलिया। सुल्तानपुर गांव में आखिरकार पावर कॉरपोरेशन को 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाना पड़ा। शनिवार की देर शाम ट्रांसफॉर्मर भेजने के बाद रविवार से बिजली आपूर्ति शुरू की गई। ग्रामीणों को अब नियमित बिजली मिलने की उम्मीद जगी है। यह खबर 31 जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। उसके बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए और दो दिनों में ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाई।
गांव में लंबे समय से 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाकर आपूर्ति की जा रही थी जबकि वर्तमान समय में आवश्यकता से काफी अधिक लोड बढ़ने के बाद भी ट्रांसफॉर्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई। इसके कारण वह बार-बार जल जाया करता था। ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाकर 100 केवीए का लगाए जाने के लिए कई बार ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से लिखित तौर पर मांग की गई थी। पिछले महीने विभागीय और अभियंता की ओर से गांव में 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने के लिए एस्टीमेट भी बनाकर अधिशासी अभियंता कार्यालय को भेजा गया था। कई महीने बीत गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। एसडीओ संतोष कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ा दी गई है। अब नियमित बिजली आपूर्ति होने में कोई बाधा नहीं आएगी।