चंदौली न्यायलय परिसर में गहमागहमी का माहौल
- फोटो : amar ujala
चंदौली जिले के सदर कचहरी परिसर स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में आत्मसमर्पण करने आये अपहरण के आरोपित को गिरफ्तार करने की कोशिश दारोगा के लिए भारी पड़ी। अधिवक्ताओं ने दारोगा को पकड़कर पीट दिया। हालांकि, न्यायिक अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
दरअसल, बलुआ थाना क्षेत्र के महगांव गांव निवासी राकेश चौरसिया के खिलाफ बलुआ थाना के ही कैलावर चौकी में अपहरण का मुकदमा दर्ज था। पुलिस काफी दिनों से आरोपित की तलाश कर रही थी। आरोपित शुक्रवार को पुलिस से बचकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण करने आया था। इसी दौरान वादी वीरेंद्र शर्मा ने उसे देख लिया।
उसने तत्काल इसकी सूचना कैलावर चौकी इंचार्ज रमेश कुमार सिंह को दी। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज कचहरी पहुंचे। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने सीजेएम कोर्ट के अंदर मौजूद आरोपित को हाथ पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। बचाव में उसने दरवाजा पकड़ लिया और शोर-मचाना शुरू किया। वकीलों की नजर पड़ी तो उग्र हो उठे और वकीलों ने दारोगा की पकड़कर पिटाई कर दी।
न्यायिक अधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने बीचबचाव कर शांत कराया। सीजेएम ने तत्काल एसपी से बात की और दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा। मामले को लेकर वकीलों में आक्रोश है।