अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद पुलिस से लेकर आबकारी विभाग ने जांच में सख्ती दिखाई थी। जैसे ही मामला पुराना हुआ उसी के साथ जिले में फिर जांच की धार भी कम हो गई। अब स्थिति यह है कि झोले में शराब रखकर खुलेआम बिक्री शुरू हो गई। सोमवार को ऐसा ही मामला अलीनगर थाना क्षेत्र के रेमा गांव में सामने आया। झोले में शराब रखकर बेचने जाने का वीडियो वायरल होते ही विभागीय साख को बचाने के लिए अलीनगर पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी युवक को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक झोले में शराब रखकर लोगों को बेच रहा है। जिस जगह शराब बेची जा रही थी वहां आसपास काफी प्लास्टिक के गिलास भी बिखरे हुए नजर आ रहे है। वीडियो रेमा गांव के पास का बताया गया। वीडियो होने के बाद आबकारी विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि शराब बेचने वाला युवक एक दुकान का सेल्समैन है जो कि रुपये कमाने के चक्कर में शराब को खरीदकर झोले में रख लेता और दुकान बंद होने के बाद उसे बेचता था। सोमवार को अलीनगर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने बृजेशमणि नामक युवक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई। पुलिस ने उसके पास से छह शीशी शराब भी बरामद की। बाद में पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। आबकारी निरीक्षक ज्ञान प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शराब दुकान संचालक को भी नोटिस दिया गया है।