मोहनिया। चांद थाना क्षेत्र के भभुआ-धरौली रोड पर चांद गांव के समीप शनिवार की शाम अनियंत्रित पिकअप सड़क के किनारे झाड़ियों में लगी आग के बीच पलट गया। इससे आग की चपेट में आने से पिकअप में सवार दो किन्नरों सहित पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से सभी को पिकअप से निकालकर चांद स्थित पीएचसी में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान रविवार को तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य की हालत गंभीर बताई गई है।
पिकअप का करहगर थाना क्षेत्र का बभनी पहाड़ी गांव निवासी अभिषेक कुमार चालक पिकअप में दो किन्नरों व दो अन्य लोगों को लेकर किसी कार्यक्रम में शामिल होने भभुआ से धरौली जा रहा था। रास्ते में चांद गांव के पास सड़क के दोनों किनारे की झाड़ियों में आग लगी हुई थी। आग से निकल रहे धुएं के कारण चालक को रास्ता नहीं दिखा और वाहन अनियंत्रित होकर आग में पलट गया। इसके बाद पिकअप आग की लपटों के बीच घिर गया।
सड़क पर लोगों की आवाजाही काफी कम थी। ऐसे में पिकअप में सवार लोगों को तत्काल कोई सहायता नहीं मिली। कुछ देर बाद घटनास्थल की ओर गए कुछ ग्रामीण वहां का मंजर देख हैरान रह गए। पिकअप में सवार लोग सहायता के लिए चिल्ला रहे थे पर आग के बीच कूछकर लोगों की जान बचाने को कोई तैयार नहीं हुआ। लोगों ने फोन से फायर विभाग को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने पहले पानी डालकर आग बुझाई। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से पांचों को घायलावस्था में चांद पीएचसी ले गए। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने पिकअप के चालक व किन्नर औरंगाबाद जिला के कोला निवासी विक्कू कुमार सिंह उर्फ अंजलि व बनारस निवासी सुनील कुमार उर्फ काजल को मृत घोषित कर दिया। वहीं किन्नरों के सहयोगी धर्मेंद्र राम व एक अन्य की हालत भी नाजुक बताई गई है।