चकिया/शिकारगंज। विश्वव्यापी महामारी कोरोना जैसी संक्रमण से बचाव के लिए देश में लॉकडाउन की अवधि लगातार बढ़ाई जा रही है। वहीं लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य बचाव के उपायों को अपनाने की अपील की जा रही है। बावजूद इसके क्षेत्र के बाजारों में भीड़ लग रही है। न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है और न ही अधिकांश लोग मास्क का इस्तेमाल कर रहे है। समाज के प्रबुद्ध लोगों ने कहा कि सरकार की ओर दी गई छूट का लोग बेजा इस्तेमाल कर रहे है।
व्यापारी शिवरतन गुप्ता ने कहा कि लाकडाउन का कड़ाई से पालन अत्यंत जरूरी है। कहा कि सरकार की ओर से व्यवस्था की गई है जिसके कारण लोग घरों में रहकर आपात की घड़ी में समय व्यतीत कर सकते हैं। स्वराज अभियान के नेता अजय राय ने कहा कि इस दौर में बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है जिससे लाकडाउन का कड़ाई से पालन करना चाहिए नहीं तो तेजी से संक्रमण पांव फैला लेगा। सिकंदरपुर के व्यापारी नेता शीतला प्रसाद केसरी का कहना है कि संकट की घड़ी में कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से बचने के लिए सबसे महत्वपूर्ण नागरिकों की स्वयं की जिम्मेदारी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन मुंह पर मास्क लगाना दो गज दूरी ही इसके लिए बचाव का मुख्य बिंदु है। जिला योजना समिति के सदस्य मीना विश्वकर्मा ने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी संक्रमण बचाव के लिए जब तक सरकार की ओर से वैक्सीन नहीं बना ली जाती है तब तक के लिए उनके ओर से दिए जा रहे निर्देशों का पालन करना गांव शहर के नागरिकों के लिए स्वयं की जागरूकता ही कारगर होगी।