पीडीडीयू नगर। दशहरा, दीपावली और छठ समेत अन्य त्योहारों पर ट्रेनों में होने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 12 और फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इसमें चार जोड़ी ट्रेनें पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से होकर जाएंगी। इससे त्योहारों पर घर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प मिलेगा।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि चंडीगढ़-पटना फेस्टिवल स्पेशल एक अक्तूबर से 27 नवंबर तक चलेगी। चंडीगढ़ से ट्रेन प्रत्येक बृहस्पतिवार की रात 11:55 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 5:45 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी। वापसी में पटना से प्रत्येक शुक्रवार रात 11:15 बजे रवाना होकर ट्रेन शनिवार तड़के 3:20 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी।
इसी तरह फिरोजपुर कैंट-पटना फेस्टिवल स्पेशल 06 अक्तूबर से 25 नवंबर तक चलेगी। फिरोजपुर कैंट से मंगलवार को चलने वाली ट्रेन अगले दिन दोपहर 2:30 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी। पटना से बुधवार को वापसी में ट्रेन रात 11:45 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी। पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल 04 अक्तूबर से 04 नवंबर तक चलेगी। पोत्तनूर से रविवार को चलने वाली ट्रेन मंगलवार सुबह 5:35 बजे पीडीडीयू और दोपहर 1:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
बरौनी से बुधवार को रवाना होकर ट्रेन शाम 6:20 बजे पीडीडीयू होते हुए शुक्रवार शाम पोत्तनूर पहुंचेगी। वहीं दिल्ली -कामाख्या फेस्टिवल स्पेशल 03 अक्तूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। दिल्ली से यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार की रात 00:30 बजे खुलकर शाम 16:15 बजे पीडीडीयू पहुंंचेगी। यहां से चलकर अगले दिन रात 21.15 बजे कामाख्या पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन कामाख्या प्रत्येक सोमवार की सुबह 05:00 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 05:10 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी और यहां से रात 20:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इसके साथ ही आनंद विहार-पाटलिपुत्र फेस्टिवल स्पेशल, एर्नाकुलम-पटना स्पेशल, आनंद विहार-जोगबनी, दिल्ली-सीतामढ़ी, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर, योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर, नई दिल्ली-सुपौल, शकूरबस्ती-दरभंगा और दिल्ली-कामाख्या के बीच भी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। हालांकि ये ट्रेनें पीडीडीयू जंक्शन होकर नहीं जाएंगी।