पीडीडीयू नगर। वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार की तरफ से पूर्वांचल के पांच जिलों के कुल 1200 ईंट-भट्ठों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। इसमें चंदौली जिले के 101 ईंट भट्ठे शामिल हैं। जिन्हे बंद करने का आदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड वाराणसी ने जारी किया। जिले के 101 ईंट-भट्ठों को बंद करने का नोटिस स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा है।
बता दें कि जिले में कुल 203 ईंट-भट्ठे संचालित हैं। इनमें 101 ईंट भट्ठों पर राज्य बोर्ड से सहमति न प्राप्त करने का आरोप है। साथ ही जांच में ये भट्ठे पर्यावरण के मानकों पर फेल पाए गए। इसके चलते शासन ने इन भट्ठों को बंद करने का आदेश जारी किया। इसमें ज्यादातर भट्ठे मुगलसराय और चंदौली ब्लॉक में संचालित हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वाराणसी के क्षेत्रीय अधिकारी कालिका सिंह ने बताया कि वायु प्रदूषण निवारण और नियंत्रण अधिनियम 1981 के धारा 31 ए के तहत इन भट्ठों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। बताए भट्ठा संचालकों को स्पीड पोस्ट से नोटिस भेजी गई है।