कासिमपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल के प्रांगण में चल रही पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता 2025 के दूसरे दिन बुधवार को मेजबान जेएस पब्लिक स्कूल सहित कई टीमों ने अपना दबदबा बनाए रखा।
अंडर-14 वर्ग में जेएस पब्लिक स्कूल ने सेंट जेवियर स्कूल भटिंडा को 5-0 और 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। ओम साधना स्कूल मदुरई ने अबू धाबी इंडियन स्कूल को 3-0 और 2-1 से मात दी।
बंदना इंटरनेशनल दिल्ली ने इंडियन स्कूल ओमान को 4-3 और 5-3 से हराया। वहीं दिन का अंतिम मुकाबला जेएस पब्लिक कासिमपुर और महाराजा सवाई भवानी स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें जेएस पब्लिक ने 5-1 से जीत दर्ज की।
अंडर-17 वर्ग में इंडियन स्कूल अलवदी ने अवर ओन इंग्लिश स्कूल शारजाह को 7-0 और 5-0 से शिकस्त दी। डीपीएस हाथरस ने मुस्कान पब्लिक स्कूल मध्य प्रदेश को 5-3 और 6-2 से पराजित किया।
वेलामल चेन्नई ने आर्मी पब्लिक स्कूल उड़ीसा को 9-0 और 8-3 से हराया। कल्याणी स्कूल पुणे और वाराणसी पब्लिक स्कूल का मुकाबला 5-3 और 3-5 से बराबरी पर छूटा। इसके अलावा कल्याणी स्कूल ने अवर ओन शाहजहां को 6-0 और 4-0 से हराकर आसानी से जीत हासिल की।
अंडर-19 वर्ग के मुकाबलों में जीके सेट्टी विद्यालय चेन्नई ने डीपीएस बेंगलुरु को 8-2 और 7-3 से पराजित किया। महाराजा वाई भवानी ने अबू धाबी इंडियन स्कूल को एकतरफा अंदाज में मात दी।
वहीं मॉडर्न पब्लिक स्कूल बिहार ने डीडीपीएस संजय नगर गाजियाबाद को रोमांचक मुकाबले में 5-4 और 4-3 से हराकर जीत अपने नाम की। प्रतियोगिता के दूसरे दिन दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और कौशल का परिचय देते हुए प्रतियोगिता का स्तर और ऊंचा किया। इस दौरान अतिथि के रूप में एएसपी अनंत चंद्रशेखर और एसडीएम अनुपम मिश्र मौजूद रहे।