ट्रक बैक करते समय चपेट में आया वृद्ध, मौत
घर जाने के लिए चंदासी मंडी में सड़क पार करते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र-
दुलहीपुर। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत चंदासी कोयला मंडी में मस्जिद के समीप बुधवार की शाम पांच बजे ट्रक बैक करते समय उसकी चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध पीडीडीयू नगर से अपने घर लेढुआपुर जाने के लिए आटो से उतरा था और सड़क पार कर रहा था। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़ कर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
क्षेत्र के लेड़ुआपुर गांव निवासी श्रीराम यादव (62) खेती किसानी कर परिवार का पेट पालता था। बुधवार की दोपहर में वह किसी काम से पीडीडीयू नगर बाजार आया था। यहां से वह घर जाने के लिए आटो में सवार हुआ। चंदासी मंडी में मस्जिद के समीप शाम पांच बजे उतरा। घर जाने के लिए वह सड़क पार करने लगा। इसी बीच कोयला लदा ट्रक बैक करते समय वृद्ध को नहीं देख पाया और श्रीराम ट्रक की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही वृद्ध की मैत हो गई। लोगों ने शोर मचाया और एकत्र हुए तब तक चालक ट्रक से उतर कर भाग गया। यह घटना चंदासी पुलिस चौकी से मात्र पचास मीटर दूर हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध की पहचान की इसकी सूचना उसके परिवार वालों को दी। वृद्ध के मौत की खबर मिलते ही परिवार वालों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पत्नी रन्नोदेवी सहित परिजन पहुंच गए। वृद्ध के तीन लड़की और दो लड़के हैं। सभी की शादी हो चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिना पंचायतनामा के शव को चंदौली भेजने से नाराज होकर परिवार वालों ने मुगलसराय कोतवाली के बाहर हो हल्ला किया। इस दौरान ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग की। पुलिस ने परिवार वालों को समझा बुझाकर शांत कराया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली के निरीक्षक संजीव मिश्र ने बताया कि ट्रक को बैक करते समय चपेट में आने से वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट -अमरेन्द्र सिंह
संपादन- कृष्ण मुरारी मिश्र
बाइट-1700