इलिया। स्थानीय थाना के धनरिया माइनर के समीप शुक्रवार की रात आठ बजे बाइक के धक्के से खरौझा गांव निवासी जगदीश सिंह (65) की मौत हो गई। जगदीश सिंह की रात में शौच के लिए निकले थे और सड़क पार कर रहे थे कि बाइक की चपट में आ गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खरौझा गांव निवासी जगदीश सिंह गांव के बाहर सड़क के दूसरी तरफ धनरिया माइनर के समीप शुक्रवार की रात आठ बजे शौच करने के लिए गए थे। वह सड़क पार कर रहे थे कि धनरिया गांव की ओर से आ रहे एक बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक के धक्के से वृद्ध गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद बाइक चालक बाइक लेकर भाग गया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। घायल वृद्ध को इलाज के लिए चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान जगदीश सिंह की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे थानाध्यक्ष अमित कुमार ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। वहीं जगदीश की मौत से परिवार वालों में कोहराम मच गया। जगदीश सिंह किसान थे और खेती कर परिवार का पेट पालते थे। जगदीश के एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। बेटा भूपेन्द्र सिंह प्रयागराज में श्रम विभाग में है। वहीं पुत्रियों की शादी के बाद वह अपने ससुराल में रहती है। हाल ही में भतीजे की पत्नी की मौत के बाद शनिवार को उसके दशवां में शामिल होने के लिए परिवार तथा रिश्तेदारी के लोग जुटे हुए थे। उसी बीच जगदीश सिंह की मौत ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।