चंदौली। जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं, लंबित प्रकरणों और उद्यमियों की समस्याओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, सड़क, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना और संचालित इकाइयों से जुड़ी समस्याओं का समाधान बिना अनावश्यक विलंब के किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निवेशकों को जमीन, बिजली कनेक्शन और अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में निवेश को बढ़ावा देना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का समन्वय के साथ शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई को निर्देश दिया कि स्वरोजगार और नए उद्यम स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही बैंकों से समन्वय बनाकर ऋण वितरण व्यवस्था दुरुस्त कराएं। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में उपायुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।