बबुरी। जिले के कई विद्यालयों में मिड-डे-मील को लेकर भारी अनियमितता की शिकायत मिल रही है। इसी तरह की एक शिकायत पर बबुरी स्थित अशोक इंटर कॉलेज में मिड डे मील की जांच करने पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह को न तो विद्यालय में एक भी बच्चा मिला और न ही मिड डे मील बना मिला। उन्होंने इसकी लिखित रिपोर्ट बीएसए को भेज दी है।
मिशन आरटीआई ट्रस्ट वाराणसी के सुधांशु कुमार सिंह ने आईजीआरएस के माध्यम से बबुरी के अशोक इंटर कॉलेज में मिड डे मील को लेकर अनियमितता करने की शिकायत की थी। जिसके बाद बीएसए के आदेश पर सदर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने दो जुुलाई को विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएसए को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि विद्यालय में पंजीकृत 167 छात्रों के सापेक्ष एमडीएम पंजिका पर एक जुलाई को 25 और दो जुलाई को 28 छात्रों की उपस्थिति अंकित पाई गई। जबकि मौके पर कोई छात्र उपस्थित नहीं था। प्रधानाध्यापक ने बताया कि बरसात होने के कारण छात्रों की उपस्थिति कम थी, मिड डे मील खिलाने के बाद छुट्टी कर दी गई। बीईओ ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि 16 जून 2022 से 30 जून तक एमडीएम पंजिका पर ग्रीष्मावकाश का अंकन किया गया है। इस अनियमितता से बीईओ ने लिखित पत्र देकर बीएसए को अवगत करा दिया है।
खंड शिक्षा अधिकारी ने पांच जुुलाई को रिपोर्ट भेजी थी और पांच जुलाई को ही वह जांच रिपोर्ट जिला विद्यालय निरीक्षक को भेज दिया गया। इंटरमीडिएट कॉलेज होने से उसका नियंत्रण उन्हीं का होता है। कार्रवाई उनके माध्यम से ही की जा सकती है।-सत्येंद्र कुमार सिंह, बीएसए