सीआरपीएफ में तैनात चकरघटृटा थाना के नर्वदापुर निवासी युवक ने मिजोरम में ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली। जिससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना पर गांव में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले की जांच कराने की मांग की है।
चकरघटृटा थाना क्षेत्र के नर्वदापुर गांव निवासी लक्ष्मी गुप्ता का बेटा श्याम सुंदर गुप्ता (40) सीआरपीएफ 158 बटालियन में तैनात था। रविवार की रात परिजनों के पास बटालियन से फोन आया कि श्याम सुंदर ने अपनी इंसास राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। इसकी खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। जवान की मां का कहना है कि उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता। जरूर उसके साथ कुछ गलत हुआ है। श्याम सुंदर कुछ माह पहले छुट्टी बिताकर ड्यूटी पर गया था। श्याम सुंदर का एक बेटा है। मृतक की मां ने मामले की जांच कराने की गुहार लगाई है। मिजोरम से शव लेकर जवान नौगढ़ के लिए चल चुके हैं। परिवार के सदस्य जवान के अंतिम दर्शन के इंतजार में हैं।