पीडीडीयू नगर। बबुरी थाना क्षेत्र के पनपुरा गांव में बृहस्पतिवार को सुबह जमीन के विवाद में मां-बेटे को लाठी-डंडे से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पीड़ित महिला की तहरीर पर बबुरी थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बबुरी थाना क्षेत्र के परनपुरा गांव निवासी देव नाथ मौर्य और अजय कुमार मौर्य के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह विवाद बढ़ा तो अजय कुमार मौर्य के पक्ष के लोग लाठी-डंडे से देवनाथ मौर्य की पत्नी ममता को पीटने लगे। यह देख देवनाथ का पुत्र चंद्रकांत मां को बचाने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। इससे मां-बेटे घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पार वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने घायल मां-बेट को जिला अस्पताल भेजा। सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया कि जमीन के विवाद में घटना हुई है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। वहीं, बबुरी इंस्पेक्टर अनिल पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।