संघती गांव के समीप नाले में पलटी ऑटो। संवाद
क्षेत्र में अलीनगर थाना अंतर्गत अलग-अलग दो घटनाओं में एक अधेड़ और एक युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।
पहली घटना संघति गांव के समीप बुधवार देर शाम हुई जहां ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में करीब 50 वर्षीय अज्ञात अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह यात्री आंशिक रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार एक निजी चिकित्सालय में कराया गया। मृतक की जेब से रायबरेली से मुगलसराय तक का रेलवे टिकट और वहां से सकलडीहा जाने की जानकारी मिली है। इसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। दूसरी घटना बरहुली गांव के समीप गुरुवार सुबह सामने आई, जहां रजवाहा में रेवसा गांव निवासी 30 वर्षीय चंदन का शव उतराया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में जांच-पड़ताल की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।