पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रयागराज रेल रूट पर स्थानीय रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर न्यू वेस्ट केबिन के समीप बुधवार की सुबह सवा नौ बजे ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। अधेड़ कौन है और कहां का रहने वाला है। इसका पता नहीं चला। मौके पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नई दिल्ली से जगन्नाथपूरी जा रही डाउन पुरषोत्तम एक्सप्रेस प्रयागराज से पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन आ रही थी। स्टेशन के पहले न्यू वेस्ट केबिन के पास पोल संख्या 673 /184 व 673/182 के बीच बुधवार की सुबह एक अधेड़ ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन के चालकों के अनुसार अधेड़ ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दी है। यह देख चालकों ने ट्रेन रोक दी। चालकों की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल स्टेशन पोस्ट के निरीक्षक संजीव कुमार, मुगलसराय कोतवाली से आरक्षी आलोक सिंह, जीआरपी के आरक्षी शशिकांत यादव, रवि राय आदि पहुंचे। शव को लाइन से हटाया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की है। जीआरपी पीडीडीयू निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रह है।