चंदौली के अलग-अलग इलाकों में सोमवार को आग की घटनाओं में 14 बीघ से ज्यादा की गेहूं की फसल धू-धूकर जल गई। धानापुर क्षेत्र के त्रिभुवनपुर (खरखोलिया) गांव के दोपहर में खेत में आग लग गई। इससे 10 बीघा फसल राख हो गई। अलीनगर के रेवसा धूसखास में आग से 4.5 बीघे की फसल जल गई।
त्रिभुवनपुर गांव में खेत के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। तभी खेत से आग की लपटों के साथ धुआं उठता देख उन्होंने शोर मचाया। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण बाल्टी में पानी और डंडा लेकर दौड़ पड़े। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में आकर राज नारायण की 18 बिस्वा, प्रकाशमाला देवी की छह बिस्वा, माया की छह बिस्वा, कैलाश गोड की तीन बिस्वा, शंकर सोनकर की सात बिस्वा, अनिल सोनकर की सात बिस्वा, सुनील सोनकर की सात बिस्वा, राजकुमार गोंड की पांच बिस्वा, ओमप्रकाश की पांच बिस्वा, श्रीकांत की पांच बिस्वा व राम मूरत बिंद की दो बिस्वा गेहूं की फसल जल गई।
पूर्व प्रधान सूबेदार सिंह ने इसकी सूचना लेखपाल राजेश यादव और अग्निशमन विभाग को दी। लेखपाल और राजस्वकर्मी मौके पर पहुंचकर नुकसान का मुआयना किया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
इसी तरह अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसा मौजा में धूसखास गांव के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया गया। तब तक निजामुद्दीन और राम सकल यादव की फसल जलकर राख हो गई। दोनों किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है।