Chandauli News: चंदौली के धानापुर में हुए आग के हादसे के बाद आसपास हड़कंप मच गया। सभी लोग आब बुझाने में लग गए। तब तक दुकान का मालिक भी पहुंच चुका था। शटर खोलने के बाद आग की भयावहता बढ़ गई। मशक्कत के बाद इस पर काबू पाया गया।
चंदौली के धानापुर कस्बा स्थित थाना चौराहा के समीप धानापुर अवही मार्ग पर श्री सदगुरु स्वामी वस्त्रालय की दुकान में गुरुवार की रात लगभग 10 बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग में लाखों का कपड़ा जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दिया और आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
सकरारी निवासी दिनेश यादव के कपड़े की दुकान है, जो प्रतिदिन की भांति 8 बजे दुकान बंद कर घर चला गया। रात्रि लगभग 10 बजे दुकान से आग की लपटें निकलने लगीं, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दुकानदार को दी।
विज्ञापन
वह भाग कर मौके पर पहुंचा और किसी तरह शटर उठाया। पूरी दुकान में आग फैल चुकी थी। सूचना पर पहुंची भीड़ ने अथक प्रयास से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सभी कपड़े और सामान जलकर राख हो चुके थे।
भुक्तभोगी ने बताया कि लगभग 25 लाख का नुकसान हुआ है, जिसमें नए कपड़े, साड़ी, इंवर्टर, बैटरी सहित अन्य सामान जले थे। आसपास के लोगों ने बताया कि दिन में लगभग 5 बजे भी विद्युत बोर्ड से निकली चिंगारी से आग लगी थी, जिसे बुझा दिया गया था, लेकिन कोई चिंगारी उसमें रह गई थी जो रात में फिर से आग में तब्दील हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच चुकी थी।