इलिया। सैदूपुर कस्बे में पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड ने बृहस्पतिवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य सड़क की दोनों पटरियों पर दो-दो मीटर तक पैमाइश कर लाल निशान लगाए गए। जेई ने लोगों को दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है।
चकिया-इलिया मार्ग बिहार की सीमा को जोड़ता है, जिस कारण वाहनों का दबाव लगातार बना रहता है। सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग अपने वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। पिछले दिनों व्यापार मंडल के लोगों ने डीएम से इसकी शिकायत की थी। इसके बाद डीएम पीडब्ल्यूडी को बाजार से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार के निर्देश पर जेई मौके पर पहुंचे और पैमाइश कराई। जेई पंकज ने कहा कि यदि दो दिन में लोगों ने खुद अपने कब्जे नहीं हटाए तो कानूनी कार्रवाई करने के साथ अतिक्रमण हटाया जाएगा।