विकासखंड क्षेत्र में किसानों और छोटे दुकानदारों की जमीन बचाने की मांग को लेकर सोमवार को जमीन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सिरसी से पांडेयपुर बाजार तक पैदल मार्च निकाला गया।
इसका नेतृत्व समिति के संयोजक गणेश बिंद और गुलाब चंद ने किया।वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सिरसी से पांडेयपुर बाजार तक पहले से लोक निर्माण विभाग की जमीन उपलब्ध होने के बावजूद बंधी डिवीजन और शासन की ओर से किसानों की निजी जमीनों में जबरन नाला बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह पूरी तरह अवैधानिक है, यदि ऐसा किया गया, तो कई किसानों की खेती की जमीन और पांडेयपुर बाजार के छोटे दुकानदारों की दुकानें प्रभावित होंगी।
वक्ताओं ने चेतावनी दी यदि शासन और संबंधित विभाग ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रतिरोध मार्च सिरसी से शुरू होकर पांडेयपुर बाजार तक पहुंचा, जहां लोगों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की।
प्रतिरोध मार्च में जालंधर प्रसाद, सुभाष, रामलाल शर्मा, अजय गुप्ता, सूरज, रामदुलारे यादव, सरोज कुमार, अदालती, पंचदेव बिंद, रामाश्रय, चंद्रबली, रामहरख, जितेंद्र सोनी, भगेलू, राकेश मिस्त्री, उदय शंकर, इजहार शाह आदि रहे।