पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के लिए बीता दिसंबर माह उपलब्धियों भरा रहा है। पिछले वर्ष के मुकाबले पार्सल बुकिंग 241 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं दूसरे रेल मंडलों से मालगाड़ियों का अदान प्रदान भी अधिक हुआ है।
मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट लगातार माल लदान बढ़ाने में जुटी है। इसका असर दिख भी रहा है। दिसंबर माह में माल लदान से 14.84 करोड़ रुपये के राजस्व की आय हुई है। यह पिछले वर्ष दिसंबर माह में 6.20 करोड़ के मुकाबले 139 प्रतिशत अधिक है। पिछले दिसंबर के मुकाबले इस वर्ष 30 प्रतिशत अधिक माल लदान हुआ। वहीं वाणिज्य विभाग के प्रयास से दिसंबर माह में पार्सल बुकिंग से 48.54 लाख का राजस्व मिला है। यह पिछले वर्ष के दिसंबर माह की आय 14.22 लाख रुपये के मुकाबले 241 प्रतिशत अधिक है। वहीं डीडीयू मंडल ने चार दिसंबर को दूसरे रेल मंडलों के साथ रिकार्ड 342 मालगाड़ियों का आदान-प्रदान (इंटरचेंज) किया गया। यह एक दिन में किया अब तक का सर्वाधिक इंटरचेंज है।