नौगढ़। क्षेत्र के रिठिया स्थित ग्राउंड पर शनिवार को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय ब्लॉक के सभी गांवों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम डॉ. अतुल गुप्ता व विशिष्ट अतिथि खंड विकास अधिकारी सुदामा सिंह यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप जला कर किया। प्रतियोगिताओं में कबड्डी के रोमांचक मुकाबले में मैरवहा व मलेवर की टीम का दबदबा रहा।
कार्यक्रम मेें छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि बच्चे आने वाले कल के धरोहर हैं। वे देश को नई दिशा व शक्ति प्रदान करेंगे। बच्चों को खेलकूद में हार-जीत की बजाय अपना प्रदर्शन बेहतर करने की कोशिश करना चाहिए। कहा की लोग कहते हैं नौगढ़ पिछड़ा क्षेत्र है जबकि यहां के बच्चे हर क्षेत्र में आगे हैं। बच्चों के कौशल को देखकर नहीं लगता कि यहां किसी भी तरह का पिछड़ापन है। अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रिय युवा कल्याण अधिकारी सुनील कुमार ने अव्वल आने वाले छात्र छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण होता है। वहीं ग्राउंड को विभिन्न खेलों के लिए आकर्षक ढंग से तैयार किया गया था। ग्राउंड पर बनी रंगोली लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ सुड्डू सिंह, ग्राम प्रधान बाघी नीलम ओहरी, परमानंद यादव, राहुल, अजय, सुदामा, अमित, कैलाश, सुबाष रहे।