पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं जनवरी माह के अंत में शुरू होने की उम्मीद है। शासन स्तर पर इस बार प्रायोगिक परीक्षाओं को कैमरे की निगरानी में कराये जाने के साथ कुछ मापदंड बनाये गये हैं। इसके देखते हुए पीडीडीयू नगर स्थित नगर पालिका इंटर कॉलेज की ओर से भौतिक, जीव व रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाओं को सुविधाओं से लैस कर दिया गया है।
नगर पालिका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने डॉ. महेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि भौतिक विज्ञान की प्रयोगशाला में माध्यमिक शिक्षा परिषद के पाठ्यक्रम में शामिल प्रकाश, विद्युत, यांत्रिक, चुम्बकत्व, ध्वनि इत्यादी से संबंधित उपकरण उपलब्ध है। वहीं जीव विज्ञान की प्रयोगशाला में जैव प्रौद्योगिकी, पारिस्थितिक तंत्र, आनुवांशिक विविधता, पुष्पीय पादपों इत्यादि के अध्ययन से संबंधित उपकरण एवं रसायन विज्ञान में लवण परीक्षण, अनुमापन, कार्बनिक यौगिकों के क्रियात्मक समूह, रासायनिक ऊर्जा से विद्युत ऊर्जा का अध्ययन इत्यादि से संबंधित उपकरण उपलब्ध हैं। बताया कि प्रायोगिक परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए सभी लैब को सीसी कैमरों से लैस कर दिया गया है। वहीं छात्र-छात्राओं को लगातार प्रयोगशालाओं में लेकर विभिन्न प्रयोग कराये जाते हैं।