सैयदराजा। यूपी बिहार बार्डर पर नौबतपुर स्थित कर्मनाशा नदी पर पुल की मरम्मत का कार्य पूरा हो गया है। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद बुधवार को केंद्रीय जांच टीम केंद्रीय रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएसआईआर) के एक्सपर्टों ने इसका मुआयना किया। साथ ही जांच रिपोर्ट अपने साथ ले गई। टीम की रिपोर्ट आने के बाद अब पुल की लोड टेस्टिंग होगी और पुल से आवागमन शुरू होगा। इस माह के अंत तक आवागमन शुरू होने की उम्मीद है।
पुल की मरम्मत का कार्य एक साल से चल रहा था। केंद्रीय जांच टीम अब तय करेगी कि पुल की मरम्मत में कोई गड़बड़ी तो नहीं है। यदि कोई गड़बड़ी पाई गई तो उसे ठीक किया जाएगा। मरम्मत में कोई खामी नहीं होने पर लोड टेस्टिंग कराई जाएगी। इसके बाद यूपी और बिहार आने-जाने वाले वाहनों के लिए आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि सैयदराजा कर्मनाशा नदी पर बना चार लेन के पक्का पुल के चारों पिलरों में पिछले वर्ष के 28 दिसंबर को दरार आ गई थी। इसके बाद मरम्मत कराई गई। मरम्मत पूर्ण होने के बाद लोड टेस्टिंग से पहले केंद्रीय रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएसआईआर) के विशषज्ञों ने पुल का निरीक्षण किया। इसकी रिपोर्ट मरम्मत करा रही सोमा कंपनी को भेजी जाएगी । सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही लोड लोड टेस्टिंग कराकर पुल को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद इसके बगल से स्टील का अस्थाई पुल बनाया गया था। अभी तक इसी पुल से आवागमन हो रहा था। पक्के पुल पर आवागमन इस माह के अंत तक शुरू हो जाने की उम्मीद है।