पीडीडीयू नगर। निगम प्रबंधन व अवर अभियंताओं के बीच गत एक माह से चल रहे गतिरोध के थमने का नाम नही लेने से नाराज विभाग के जूनियर इंजीनियर संगठन के सदस्यों ने अपना सरकारी मोबाइल बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। इंजीनियरों ने मंगलवार की सुबह 10 बजे से बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे तक 48 घंटे सीयूजी मोबाइल बंद रखने का निर्णय लिया।
इसके बाद वे मुख्य अभियंता कार्यालय पर चल रहे क्रमिक अनशन में शरीक हो गए। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन चंदौली इकाई के सचिव प्रमोद राम ने बताया की निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के साथ उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अवर अभियंताओं ने 18 सूत्री मांगो के समर्थन में अपना सीयूजी मोबाइल बंद कर दिया है। वे निगम प्रबंधन की हठधर्मिता के चलते संगठन द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार से 48 घंटे तक चलने वाले क्रमिक अनशन में शामिल हो गए हैं।