चंदौली। सदर कोतवाली के बर्थरा खुर्द गांव में खेत के मेड़ के विवाद के बाद गांव के ही दबंगों ने दलितों के साथ मारपीट की और रिहायशी झोपड़ी में आग लगा दी। महिलाओं के साथ बदसलूकी भी की गई। घटना बृहस्पतिवार की देर शाम की है। किसी ने पूरेे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हुई और शुक्रवार को दोनों पक्षों से चार लोगों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। बर्थरा खुर्द गांव में खेत की मेड़ को लेकर दलित और दूसरे पक्ष में विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार की देर शाम मेड़ पर चलने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद पक्ष के लोग लाठी-डंडे से लैस होकर दलित बस्ती पहुंचे और बैजंती देवी के घर पर हमला कर दिया। पीड़ित और उनके पति और बच्चों के साथ मारपीट की। यहीं नहीं उनके रिहायशी झोपड़ी में आग लगा दिया। जिससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। सदर कोतवाली पुलिस पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बजाय पीड़ित पक्ष के साथ अभद्रता की और भगा दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति कायम है। इस बीच पूरे मामले का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही एसपी अमित कुमार ने मामले को संज्ञान में लिया और पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। शुक्रवार को पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
इनसेट----
चार लोगों की हुई गिरफ्तारी
चंदौली। अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम सरोज ने बताया कि पीड़ित पक्ष के तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। उक्त प्रकरण में नीतेश, रोहित, आनंद और अविनाश की गिरफ्तारी की जा चुकी है। सदर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की ।