नियामताबाद। भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन का बुल्डोजर लगातार चल रहा है। इसी क्रम में शनिवार को अलीनगर थाना के धरना गांव में कब्जेधारक के निर्माण पर बुल्डोजर गरजा। इस दौरान पीडीडीयू नगर तहसील ने लगभग आठ बिस्वा भूमि कब्जा मुक्त कराई गई। इस दौरान कब्जाधारियों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी नहीं चली।
जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना के लिए धरना गांव में ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाना है। इसके लिए राजस्व विभाग की ओर से गांव की नवीन परती आराजी संख्या 580 की करीब आठ बिस्वा जमीन को आवंटित किया गया है। इस जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था । इसकी शिकायत तहसील प्रशासन से की गई थी। जिस पर शनिवार को तहसीलदार सतीश कुमार के नेतृत्व में तहसील प्रशासन की टीम धरना गांव अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जहां उन्होंने अतिक्रमणकारियों को स्वत: कब्जा हटाने को कहा। जब वे खुद कब्जा नहीं हटाए तो जेसीबी से अवैध निर्माण को ढहाया गया। अवैध कब्जाधारियों ने इसका विरोध किया। लेकिन भारी पुलिस बल के आगे उनकी नहीं चल सकी। टीम में नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह, लेखपाल जेपी सिंह, शैलेंद्र शंकर सिंह, नीरज श्रीवास्तव, राकेश सिंह, चंदन, प्रधान प्रतिनिधि श्यामजी गुप्ता रहे।