पीडीडीयू नगर। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी संजीव सिंह से बात की और कहा कि जब जिले में खाद रेल रैक प्वाइंट सरेसर बना हुआ है तो पहले से इसमें खाद क्यों नहीं रखी गई। अब जब किसान प्राइवेट दुकानदारों से खाद खरीदने पर मजबूर हैं, खाद की किल्लत हो चुकी है तो बाहर से खाद मंगाई जा रही है। किसानों को समय से खाद क्यों नही उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि पहले ही खाद मंगाकर रख ली गई होती तो किसानों के पैसे बर्बाद नहीं होते। जिलाधिकरी ने दो तीन दिन में प्रर्याप्त मात्रा में खाद आ जाने का आश्वासन दिया।
पूर्व सांसद ने कहा कि पिछले वर्ष धान बेच चुके किसानों का पैसा अभी तक नहीं मिल पाया है। धान की दूसरी फसल आ गई। अभी तक कितने किसानों का पैसा बाकी है। तत्काल उनका पैसा दिया जाए। जिसपर जिलाधिकारी ने कहा उन किसानों के पास पैसे पहुंच गए होंगे, जिनके पास नही पहुंचे हैं उन्हें जल्द दे दिए जाएंगे। साथ ही पूर्व सांसद ने कहा कि क्रय केंद्रों पर छोटे किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। जबकि पिछले वर्ष छोटे किसानों के धान को खरीदने के लिए हफ्ते में दो दिन का समय निर्धारित था। जिलाधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था को तत्काल लागू कराया जाएगा और सभी किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।