नियामताबाद(चंदौली)। अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंघीताली के समीप रेलवे ट्रैक पर रविवार की रात मिले 35 वर्षीय युवक के शव की शिनाख्त सोमवार की शाम हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के बाद उन्हें सौंप दिया।
अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंघीताली के पास रविवार की देर रात एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल कर रही थी। मृतक के पास से आधार कार्ड मिला था। जिस पर उसका पता छत्तीसगढ़ का लिखा हुआ था। जब पुलिस ने आधार कार्ड की जांच कराई तो मृतक की पहचान जौनपुर जिले के केराकत थाना क्षेत्र के बधावन गांव निवासी राजन सिंह के रूप में की। राजन सिंह औद्योगिक क्षेत्र फेज एक स्थित अन्नपूर्णा ऑक्सीजन फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। किन परिस्थितियों में वह रेलवे ट्रैक पर पहुंचा। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को दाह संस्कार के लिए शव सौंप दिया गया है। वही मामले की जांच पड़ताल भी की जा रही है।