पीडीडीयू नगर। पंजाब में जालंधर कैंट के समीप चिहडू के रेलवे ट्रैक पर किसानों के बैठकर आंदोलन करने का असर लगातार पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली ट्रेनों पर भी दिख रहा है। लगातार ट्रेनों को निर्धारित स्टेशन के बजाए दूसरे स्टेशनों से चलाया जा रहा है। वहीं कई ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है। हावड़ा जम्मूतवी एक्सप्रेस को मार्ग परिवर्तित कर चलाया जा रहा है। 26 अगस्त अमृतसर कटिहार स्पेशल रद्द रहेगी। 13 ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों से चलाया जाएगा।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अमृृतसर से चलने वाली अमृतसर-हावड़ा स्पेशल केे बदले मार्ग जालंधर सिटी-नकोदर जंक्शन-फिल्लौर जंक्शन के रास्ते चलाई गई है। वहीं टाटा अमृतसर स्पेशल को रुड़की में ही रोक दिया गया है। रुड़की और अमृतसर के बीच यह ट्रेन निरस्त की गई। मंगलवार को कोलकाता से खुली कोलकाता जम्मूतवी का समापन लखनऊ में ही किया गया। लखनऊ और जम्मूतवी के बीच इसे निरस्त कर दिया गया। इसी तरह पटना से खुली पटना जम्मूतवी स्पेशल बरेली तक ही गई है। बरेली और जम्मूतवी के बीच ट्रेन निरस्त है। बुधवार को अमृतसर से खुलने वाली अमृतसर दरभंगा स्पेशल बरेली से खुलेगी। अमृतसर और बरेली के बीच यह ट्रेन निरस्त रहेगी। इसी तरह बुधवार को खुलने वाली जम्मूतवी कोलकाता एकसप्रेस सहारनपुर से चलेगी। बुधवार को जम्मूतवी पटना स्पेशल भी जम्मू के बजाए बरेली से खुलेगी। जम्मूतवी और बरेली के बीच यह ट्रेन निरस्त रहेगी।