पीडीडीयू नगर/कमालपुर। कोरोना वायरस के पाजिटिव मरीजों के लगातार मिलने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को सकलडीहा के डेढ़गांवा-त्रिलोकपुर और चंदौली के खगवल-गोकुलपुर गांव में फिर दो नए संक्रमितों के मिलने के बाद प्रशासन ने नए सिरे से तैयारियां शुरू कर दी। बुधवार को गांव में पहुंचे अधिकारियों ने गांव के रास्ते को सील करने के साथ ही हाट स्पाट घोषित कर दिया है। वहां घर-घर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजेशन का सिलसिला शुरू हो गया। साथ ही गांव में बाहरियों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
कोरोना वायरस संक्रमण के फैलाव होने के बाद जिले में अब तक 26 संक्रमित पाए जा चुके हैं। इसमें 15 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं जबकि एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। वहीं 10 एक्टिव केस हैं जिनका इलाज वाराणसी में चल रहा है।
सकलडीहा के डेढ़गांवा में मुंबई के कुर्ला से 27 मई को एक युवक और खगवल गोकलपुर की एक महिला ट्रेन से वाराणसी के मंडुवाडीह पहुंचे। वहां से बस से उन्हें बबुरी स्थित एक निजी स्कूल में क्वारंटीन किया गया था। संदिग्ध पाए जाने पर 28 मई को उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। मंगलवार की शाम उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद प्रशासन में खलबली मच गई। बुधवार को सीडीओ डॉ. एके श्रीवास्तव सहित एसडीएम प्रदीप कुमार और सीओ जगत कनौजिया, डीपीआरओ ब्रम्हचारी दूबे और बीडीओ गुलाब चन्द्र डेढ़गावां गांव पहुंचे। वहां गांव के रास्ते को सील करने के साथ ही हाट स्पाट बना दिया गया। वहां 26 घरों के लोगों को होम क्वारंटीन की सलाह दी गई है। साथ ही साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का काम शुरू करा दिया गया। चिकित्सकों की टीम ने घर-घर थर्मल स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। वहीं चंदौली के खगवल गोकुलपुर में भी मंगलवार को एक महिला के कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद बुधवार को गांव को सील कर हाट स्पाट बना दिया गया। वहां भी लोगों से घरों में रहने के लिए कहा गया है। सीडीओ ने कहा कि लोगों के जरूरत के सामान चिह्नित दुकानदारों और राशन कोटेदारों के माध्यम से पहुंचाए जाएंगे। गांव के बाहर पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई है ताकि कोई बाहरी प्रवेश न कर सके। दोनों गांवों पर पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर बनाए हुए है।
पॉजिटिव युवक के पिता की फल सब्जी की दुकान
डेढ़गांवा के त्रिलोकपुर गांव का कोरोना पॉजिटिव युवक मुंबई से लौटने के बाद परिवार के साथ रहता था। उसके पिता की डेढ़ावल चौकी के समीप सब्जी और फल की दुकान थी। ईद की त्योहार को देखते हुए पुलिस ने फल और सब्जी की दुकान खोलवा दिया था। जहां सुबह शाम कोतवाली और चौकी पुलिस फल के साथस्त्रत्त् जूस और सब्जी खरीदते रहे। इसकी जानकारी होने पर पुलिस कर्मियों में खलबली मची है। वहीं डेढ़ावल चौकी प्रभारी घंटों कोतवाली आकर काम का निपटारा करते हुए कोतवाल सहित पुलिस कर्मी और दरोगा के सर्म्पक में थे।