नौगढ़। आश्वासन के बाद भी काम नहीं मिलने से आक्रोशित ग्राम पंचायत रिठिया के बटौआ गांव के मनरेगा मजदूरों ने बुधवार को खंड विकास अधिकारी के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने धरना-प्रदर्शन करने के साथ जमकर नारेबाजी की। साथ ही तत्काल योजना के तहत काम दिलाने की मांग की। बीडीओ सुदामा यादव के काम दिलाने का आश्वासन दिए जाने पर मजदूर शांत हुए।
मजदूरों का आरोप था पिछले सप्ताह बीडीओ सुदामा यादव ने काम देने का भरोसा देकर उनको वापस भेजा था। बावजूद इसके उन्हें अब तक काम नहीं मिला है। मजदूरों की नारेबाजी और शोर-शराबा सुनकर बाहर आए बीडीओ ने मनरेगा मजदूरों को आश्वासन दिया कि बृहस्पतिवार से ही उन्हें काम दिया जाएगा। साथ ही रोजगार सेवक सुभाष और पंचायत सेक्रेट्री महेंद्र कुमार को फटकार लगाते हुए कहा कि मनरेगा के मजदूर को हर हाल में काम मिलना चाहिए। लापरवाही के चलते मजदूरों को भटकना पड़ रहा है। मजदूरों को बार-बार ब्लॉक कार्यालय का चक्कर काटना पड़ता है। मजदूरों को आश्वासन दिया कि बृहस्पतिवार की सुबह से ही उन लोगों को बटौआ गांव में मुरली के खेत से सिंगार के खेत के पास तक चकरोड के निर्माण में कार्य लगाया जाएगा। ग्राम विकास अधिकारी और रोजगार सेवक को मनरेगा मजदूरों को प्रतिदिन काम देने का निर्देश भी दिया। इसके बाद मनरेगा मजदूर वापस लौट गए। प्रदर्शन करने वाले मजदूरों में जनार्दन, राधे बनवासी, गुलाब बनवासी, संजय पटेल, लल्लू बनवासी, जामवंती, किरन देवी, रमावती, लल्लू बनवासी आदि शामिल थे।