लखनऊ में आतंकवादी के पकड़े जाने के बाद पूरे प्रदेश में एलर्ट जारी किया गया है। इसको देखते हुए रविवार को रेलवे स्टेशन सहित पूरे जिले में चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने सभी प्लेटफार्मों और ट्रेनों में चेकिंग की।
जीआरपी निरीक्षक अशोक कुमार दुबे और रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक संजीव कुमार की देख रेख में शाम के वक्त डॉग स्क्वायड के साथ सभी प्लेटफार्म और अप व डाउन की ट्रेनों की जांच की। इसके साथ ही यात्री प्रतीक्षालय, यात्री हाल, सर्कुलेटिंग एरिया, वाहन स्टैंड, पार्सल, एटीएम शाखाओं की जांच की। निरीक्षक संजीव कुमार और अशोक कुमार दुबे ने बताया कि अभियान लगातार चलाया जाएगा। इसी तरह एसपी अमित कुमार के निर्देश पर चकिया तिराहा, अलीनगर सहित पूरे नगर में अलीनगर, मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने जांच पडताल की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर रामवीर सिंह, अलीनगर निरीक्षक संतोष कुमार सिंह रहे।
जिले की सीमा से सटे बिहार में पिछले दिनों एरिया कमांडर के पकड़े जाने के बाद पुलिस एलर्ट है। पुलिस व पीएसी के जवान लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कांबिंग कर रहे हैं। रविवार को एएसपी नक्सल अनिल कुमार के नेतृत्व में नौगढ़ थाना पुलिस ने पीएसी जवानों के साथ जंगलो में सघन कांबिंग की। पुलिस पीएसी बल के जवानों ने कई गांवों और जंगली इलाकों में कांबिंग करके नक्सल गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही गांव वालों से समस्याओं के बारे में जानकारी लिया। एएसपी के नेतृत्व में प्रभारी थानाध्यक्ष नौगढ़ लक्ष्मण सिंह पुलिस और पीएसी के जवानों ने बिहार बार्डर से सटे नौनवट, देवरी कला, औरवाटाड़ के गांवों तथा देवरी, सपहर के जंगल में सघन कांबिंग किया। कांबिंग के दौरान थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने गांव के लोगों से रूबरू होकर लोगों से भयमुक्त रहने को कहा।