चंदौली। आपस में प्रेम संबंध रखने वाले युवक और युवती को मिलाने के लिए सभ्रांत लोगों ने सदर कोतवाली में पांच घंटे तक पंचायत की। प्रेमिका युवक से शादी करने के फैसले पर आखिरी तक डटी रही। वहीं युवक उससे शादी करने इंकार करता रहा। बाद में पुलिस ने भी दोनों पक्षों को शादी कराने का सुझाव दिया। लेकिन शाम तक कोतवाली में हाई प्रोफाइल मामले का कोई अंत नहीं निकल सका। बाद में सभी लोग वापस लौट गए।
नगर से सटे एक गांव निवासी युवती का कस्बा निवासी युवक से करीब तीन साल से अधिक समय से प्रेम संबंध होने का दावा किया जा रहा है। दोनों का प्रेम परवान चढ़ने की जानकारी होने के बाद युवक पक्ष के लोग खलनायक की भूमिका में हो गए। युवती के दबाव के बावजूद जब युवक शादी को तैयार नहीं हुआ तो युवती खुद ही युवक के पिता तक जा पहुंची। इसके बाद हुई पंचायत में शादी के लिए एक सप्ताह का वक्त लिया गया। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी जब युवती की मांग पूरी नहीं हुई तो वह दोबारा युवक के घर पहुंचकर हंगामा करने लगी। उस वक्त सदर कस्बा प्रभारी एसआई मनोज कुमार पांडेय ने दो दिन के अंदर युवक को बुलाकर शादी की प्रक्रिया मुकम्मल कराने की हिदायत दी थी। सोमवार को फिर दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और अपनी-अपनी व्यथा सुनाने लगे। बाद में स्थानीय लोगों की मध्यस्थता के बाद सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक पंचायत जरूर हुई, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला।