चकिया। कोतवाली क्षेत्र के सोनहुल गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार छात्रा अनुराधा (17) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। आनन-फानन में लोगों ने उसे चकिया के जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने चालक समेत ट्रक को शिकारगंज कस्बे में पकड़ लिया। वहीं पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंदौली स्थित जिला चिकित्सालय भेज दिया।
चकिया बढ़वल गांव निवासी हरिलाल की पुत्री अनुराधा चकिया स्थित आदित्य राजकीय इंटर कालेज में कक्षा 12 में पढ़ती थी। बृहस्पतिवार की दोपहर वह पढ़ने के लिए साइकिल से चकिया जा रही थी। इसी दौरान पीडीडीयू नगर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से साइकिल को धक्का मार दिया। जिससे अनुराधा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आनन-फानन में लोगों ने उसे चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस दौरान छात्रा को धक्का मारकर ट्रक लेकर भाग रहे चालक ने वाहन से सहदुल्लापुर के पास चाट के ठेले में टक्कर मार दी। इस दौरान जहां ठेला व उसपर रखा पूरा सामान नष्ट हो गया वहीं ठेला संचालक शिवकुमार भी मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने शिकारगंज कस्बे में घेराबंदी कर चालक व ट्रक को पकड़ लिया और कोतवाली ले आई। अनुराधा की मौत बाद से बुढ़वल गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है वहीं मृतका के पिता हरिलाल तथा उसकी माँ विमला देवी एवं उसके दो भाईयों का रो-रोकर बुरा हाल है।