स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नौ माह से 120 मीटर लंबे और ढ़ाई मीटर चौड़े सीसी मार्ग का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। एक सप्ताह पूर्व बीडीओ और एडीओ पंचायत सीसी मार्ग निर्माण कार्य को चुनाव से पूर्व पूरा कराने का दावा किया था। इसके बाद भी विभागीय ठेकेदार ने ईट का टुकड़ा गिराकर छोड़ दिया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सीएचसी मार्ग पर सीसी सड़क निर्माण के लिये पिछले साल जून माह में शिलान्यास किया गया। कार्य की गुणवत्ता ठीक नही होने पर तत्कालीन बीडीओ और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कार्य रोक दिया। कराए गए कार्य को श्रमदान घोषित कर दिया गया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने पुन टेंडर कराकर एक सप्ताह पूर्व कार्य प्रारंभ कराया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मात्र ढ़ाई मीटर चौड़ा सीसी मार्ग के निर्माण से आवागमन में काफी परेशानी होगी। वह भी कार्य सिर्फ कोरमपूर्ति किया जा रहा है। एक सप्ताह पूर्व विभागीय ठेकेदार द्वारा गिट्टी गिराकर छोड़ दिए जाने से लोग गिरकर चोटिल हो रहे है। चुनाव से पूर्व सड़क निर्माण का दावा किया गया था। ग्रामीणों ने सीसी मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की मांग उठाया है। इस संबंध में बीडीओ अरूण पांडेय ने बताया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नही किया जाएगा।