मुगलसराय मंडल के सैयदराजा रेलवे स्टेशन की क्रासिंग पर बुधवार की शाम
मालगाड़ी व गया पैसेंजर ट्रेन एक ही पटरी पर आमने-सामने आ गईं।
पैसेंजर
ट्रेन के चालक की सतर्कता से हादसा टल गया। अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती
थी। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गयी। पैसेंजर ट्रेन को बैक कर
दूसरी पटरी पर लाया गया और तब उसे गया के लिए रवाना किया गया। पैसेंजर
ट्रेन लगभग पौने दो घंटे स्थानीय स्टेशन पर खड़ी रही।
मु्गलसराय से
गया जाने वाली 53610 डाउन मुगलसराय - गया पैसेंजर बुधवार को मुगलसराय से
शाम करीब पौने चार बजे गया के लिए रवाना हुई। ट्रेन अपने निर्धारित समय से
लगभग 45 मिनट की देरी से सैयदराजा स्टेशन पर पहुंची। जैसे ही ट्रेन
निर्धारित ठहराव के बाद आगे रिर्वसेबल लाइन की ओर बढ़ी।
तभी चालक की
निगाह सैयदराजा जमानियां रेलवे क्रासिंग के समीप उसी लाइन पर खड़ी
मालगाड़ी पर पड़ी। मालगाड़ी गया से मुगलसराय की ओर आ रही थी। सिग्नल न
मिलने के कारण मालगाड़ी क्रासिंग से पहले खड़ी थी। तकनीकी गड़बड़ी के कारण
पैसेंजर ट्रेन को भी उसी लाइन पर रवाना कर दिया गया।
चालक ने सतर्कता
बरतते हुए ट्रेन को तत्काल रोक दिया। अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में
हलचल मच गई। बाहर निकल कर देखा तो सामने का माजरा समझ में आया।
सूत्रों की
माने तो चालक ने देखा कि प्वांइट उसी पटरी पर बन गया था। गाड़ी रुकते समय
मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन के बीच की दूूूरी 500 मीटर के लगभग रह गयी थी।
बाद में यात्री ट्रेन से उतर कर हो हल्ला करने लगे।
जब इस बारे में
जानकारी स्टेशन मास्टर को हुई तो उन्होंने ट्रेन को बैक कराकर प्लेटफार्म पर लाने का निर्देश दिया। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक
विद्याभूषण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है कि रिवर्सेबल लाइन पर
जब मालगाड़ी खड़ी थी, तो पैसेंजर ट्रेन को उसी ट्रैक पर कैसे सिग्नल मिल
गया। यह एक गड़बड़ी थी। जांच के पश्चात दोषी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।