जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बृहस्पतिवार को नियामताबाद ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय हिनौली का औचक निरीक्षण किया। सुबह 8:45 बजे अचानक पहुंचे बीएसए को निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक बिना पूर्व सूचना और स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित मिले। बीएसए ने सभी के निरीक्षण तिथि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बीएसए ने अनुपस्थित मिले चारों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता और शिक्षकों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को पढ़ाया और पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। बीएसए सचिन कुमार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। शिक्षक समय से विद्यालय में उपस्थित नहीं होंगे तो इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जिले के अन्य विद्यालयों में भी आकस्मिक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।