चंदौली। नेगुरा गांव में पिछले दिनों हुई मारपीट की घटना में बादशाह की मौत हो गई। इसके चलते गांव में तनाव व्याप्त है। तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है। सोमवार को भी गांव में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। सीओ सदर राजेश राय व सदर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए बैठक की और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से सहयोग का आह्वान किया।
उधर, नेगुरा गांव में पिछले दिनों हुई मारपीट में बादशाह की मौत के बाद सोमवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल परिवार वालों से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। बाद में कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने की मांग की। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों ने एक गरीब परिवार का भरण पोषण करने वाले की हत्या कर दी। चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बेपटरी हो गई हैं। आए दिन हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाए हो रही हैं। सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने आरोप लगाया कि मृतक के परिवार के लोगों को लगातार धमकी मिल रही है। प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिवार की सुरक्षा व्यवस्था करने के अलावा 25 लाख रुपये का मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। बाद में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने डीएम चंद्र मोहन गर्ग को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सत्यनारायन राजभर, पूनम सोनकर, जितेंद्र कुमार, टोनी खरवार उर्फ उदय, चंद्रशेखर यादव, इमरान सिद्दीकी, अयूब खान गुड्डू, चकरू यादव, सुनील, जमील अहमद आदि मौजूद रहे।