शिकारगंज। क्षेत्र की छुछाड़ ग्राम पंचायत के मटिहानी गांव में शनिवार की शाम पांच साल के मासूम की गड़ई नदी में डूबने से मौत हो गई। गांव के बच्चों के साथ वह जामुन तोड़ने के लिए नदी किनारे गया था और खेलते-खेलते लापता हो गया। काफी तलाश करने पर देर शाम नदी में उतराया उसका शव मिला।
मटिहानी गांव निवासी सुरेश मल्लाह का बेटा सुप्रीत (5) शनिवार की शाम घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह गांव के अन्य बच्चों के साथ गड़ई नदी के किनारे जामुन तोड़ने चला गया। बच्चों के बीच खेलकूद के दौरान सुप्रीत अचानक लापता हो गया। साथियों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद बच्चे घबराकर गांव पहुंचे और घटना की जानकारी दी। सुप्रीत के परिजन और गांव के लोग नदी किनारे पहुंच गए। देर शाम सुप्रीत गड़ई नदी में उतराया मिला। ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला और जिला संयुक्त अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक की मां रेखा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देते रहे। सुप्रीत दो भाइयों में छोटा था। कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि नदी में डूबने से बच्चे की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।