संक्रामक बीमारियों की चपेट में आने से जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से जनरल वार्ड भर गए हैं। बुधवार को भी दो डायरिया पीड़ितों को भर्ती किया गया।
सोनहुल गांव की एक बस्ती में डायरिया की चपेट में आने से जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती तन्नू, अनुष्का, मयूर व कशिश अंशिका मयंक की स्वास्थ्य में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने पं. कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
वहीं चिकित्सालय में भर्ती डायरिया पीड़ित बृजेश, खुशबू, अंजलि, गुड्डू सुनीता, त्रिभुवन, अंशिका, चंद्रकला का इलाज चल रहा है। बस्ती की चंदा (26) व रीना (25) को डायरिया से प्रभावित होने पर बुधवार को चिकित्सालय में इलाज जारी है।
पूर्व प्रधान राजेश गुप्ता ने बताया कि बेहतर साफ सफाई न होने से बस्ती में गंदगी का आलम बना हुआ है। पूर्व प्रधान के नेतृत्व में बस्ती के लोगों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर साफ सफाई के लिए उच्चाधिकारियों से शिकायत पहुंचाने का का निर्णय किया है।
बस्ती के ग्रामीण ने कहा कि गंदगी के कारण नाली जाम पड़ी हुई है, जिससे दुर्गंध उठती है। जिला संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आरबी सिंह ने बताया की डायरिया मरीजों का इलाज किया जा रहा है।