चंदौली के अरंगी गांव में सोमवार देर रात एक युवक को घर में घुस कर गोली मार दी गई। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
यूपी के चंदौली जिले में चुनावी रंजिश के कारण युवक को घर में घुसकर गोली मार दी गई। गोली युवक के कमर के नीचे लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार देर रात हुए इस वारदात के बाद हड़कंप मचा है। गांव में तनाव की स्थिति है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
चुनावी रंजिश में गोलीबारी का ये मामला कंदवा थाना क्षेत्र के अरंगी गांव का है। चंदौली की चार विधानसभा सीटों पर सोमवार को सातवें और अंतिम चरण के तहत मतदान हुआ। दोपहर बाद वोट देने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई थी।
आरोप है कि सदाबृज बिंद का बेटा जयकिशन रात में अपने घर में सोया था। देर रात अज्ञात हमलावर खिड़की से घर में घुसे और जयकिशन को लक्ष्य कर गोली मार दी। गोली कमर के नीचे लगी है। घटना के बाद हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर खोखा बरामद किया।
पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर छानबीन में जुटी है। सीओ सकलडीहा अनिरूद्ध सिंह ने कहा कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मौके से सिर्फ खोखा मिला है। घायल को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की छानबीन की जा रही है।