कोतवाली पुलिस ने शांतिभंग के मामले में दोनों पक्ष से चार-चार लोगों में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया। मामला चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पौनी गांव का है।
चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के पौनी गांव में शादी के एक दिन पूर्व मंगलवार रात को जनरेटर बंद होने के बाद महिलाओं पर छींटाकशी को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्ष से पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं दोनों पक्ष से चार-चार लोगों पर शांतिभंग करने का मुकदमा दर्ज किया गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के पौनी गांव में गुलाब मौर्या के बेटी की बारात बुधवार को आने वाली थी। जिसकी तैयारी में मंगलवार शाम को जनरेटर चलाए जाने से कुछ लोगों को आपत्ति हुई, और इसी दौरान शादी में आई हुई महिलाओं को लेकर छींटाकशी की बात सामने आई। जिसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
एक पक्ष से प्रदीप मौर्या(35),अमित मौर्य(18), सोना देवी(60) व कृष्णवती देवी(30) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से परदेशी यादव(55) को भी चोट लगी। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल सकलडीहा कोतवाली पुलिस के साथ 112 को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने लोगों के बीच बचाव के साथ शांति-व्यवस्था कायम करने में जुट गई। कोतवाली पुलिस ने शांतिभंग के मामले में दोनों पक्ष से चार-चार लोगों में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया। इस बाबत कोतवाल अवनीश राय ने बताया कि दोनों पक्ष पर कार्रवाई की जा रही है।