चंदौली जिले के माटीगांव और राजातालाब के बभनियाव में जल्द ही दोबारा खोदाई का काम शुरू हो जाएगा। बीएचयू पुरातत्वविदों की टीम ने राष्ट्रीय संग्रहालय नई दिल्ली के पूर्व निदेशक डा. बीआर मणि के साथ माटीगांव उत्खनन स्थल पहुंचकर खोदाई से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान महाशिवरात्रि के बाद से यहां फिर से खोदाई कराने का निर्णय लिया गया।
बीएचयू प्राचीन भारतीय इतिहास, पुरातत्व एवं संस्कृति विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओंकारनाथ सिंह के निर्देशन में बभनियाव और माटी गांव में पिछले साल हुई खोदाई में कई पुरावशेष मिले थे। जुलाई माह से ही यहां काम बंद था, अब नए सिरे से काम शुरू कराने की तैयारी है।
प्रो. सिंह ने बताया कि डॉ. बीआर मणि ने इस दौरान पिछले साल प्राप्त संरचनाओं को देखा और कई अहम सुझाव दिए। इसक अलावा उत्खनन में मिले मंदिर के अवशेषों के संरक्षण के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण नई दिल्ली को पत्र लिखने को कहा। इस दौरान डा. सुषमा मणि, डॉ. अशोक सिंह, विनय कुमार, परमदीप पटेल, वरुण सिन्हा आदि लोग मौजूद रहे।