पीडीडीयू नगर। विद्युत वितरण खंड-2, मुगलसराय से जुड़े कई ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के चार वर्ष बाद तक एक बार भी बिल जमा नहीं किया है। विभाग की मानें तो ऐसे कनेक्शनधारियों की संख्या छह हजार से ज्यादा है। इन पर तीन करोड़ रुपये से अधिक बिजली का बिल बकाया है। अब विभाग ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाकर बिल की वसूली करने वाला है।
दरअसल चार वर्ष पहले शासन की ओर से सौभाग्य योजना चलाई गई थी। इसके तहत जिन उपभोक्ताओं ने बिजली का कनेक्शन नहीं लिया था, उन्हें तत्काल मुफ्त में बिजली का कनेक्शन दिया जा रहा था। इन उपभोक्ताओं से मीटर का चार्ज किस्तों में उनके बिजली के बिल के साथ लिया जाना था। उस दौरान सौभाग्य योजना के अतिरिक्त भी कई अन्य उपभोक्ताओं ने विभाग से बिजली का नया कनेक्शन करवा लिया था। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में उपकेंद्र से जुड़े 6509 ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एकबार भी बिजली का बिल जमा नहीं किया है। इन उपभोक्ताओं पर तीन करोड़ 81 लाख रुपये बिजली का बिल बकाया है। अब अभियान चलाकर इन उपभोक्ताओं से बिजली का बिल जमा कराया जा रहा है। बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के साथ उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।
बनाई गई हैं 18 टीमें
बिजली बिल के इन बकाएदारों से राजस्व वसूली के लिए 18 विभागीय टीम बनाई गई हैं। उपकेंद्र से जुड़े सभी एसडीओ व एई व जेई के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है। टीम प्रतिदिन जांच अभियान चलाकर बकाए बिल की वसूली कर रही है।
शासन के निर्देश पर बकाए बिल की वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए बकाए बिल का भुगतान कर देना चाहिए। - मनोज कुमार सिंह, एक्सईएन, विद्युत वितरण उपखंड-2, मुगलसराय।