ताराजीवनपुर। क्षेत्र के धानापुर रजवाहा से संबद्ध धूसखास माइनर की खोदाई न होने से इसके टेल के खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे किसानों में नाराजगी है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही माइनर की सफाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
धूसखास माइनर से क्षेत्र के आलमपुर, धूस, बसरतिया, मुस्तफापुर, नसीरपुर पट्टन सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों के खेतों की सिंचाई होती है। किसानों के अनुसार माइनर की खुदाई न होने से यह पूरी तरह झार झंखाड़ से पट गया है। किसानों की शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर मानइर की सफाई की गई। सफाई और खुदाई ठीक से न होने की वजह से अभी भी माइनर के टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे किसानों को दिक्कत होती है। क्षेत्र के किसान दशरथ यादव, सुरेश, चंद्रमा, बिहारी, हीरालाल यादव ,केदार यादव आदि ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नहर की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।