पीडीडीयू नगर। प्रयागराज महाकुंभ में वसंत पंचमी पर अमृत स्नान के लिए पीडीडीयू जंक्शन पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए डीआरएम राजेश गुप्ता ने रविवार को दो घंटे तक रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहकर यात्री सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आरपीएफ व विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बात कर भीड़ पर नियंत्रण के लिए की गई व्यवस्था का भी जायजा लिया।
रविवार को सुबह 11 बजे डीआरएम राजेश गुप्ता और वरीय मंडल सुरक्षा अधिकारी जेतिन बी राज अधिकारियों के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर पहुंचे। यहां उन्होंने यात्री ठहराव स्थल, सर्कुलेटिंग एरिया आदि को देखा और व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद यात्री हाल, फुट ओवरब्रिज होते हुए प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर पहुंचे। यहां उन्होंने सभा कक्ष में पहुंच कर सभी विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सोमवार को वसंत पंचमी पर प्रयागराज जाने वालों की भीड़ को संभालने का भी अधिकारियों को निर्देश दिया। डीआरएम ने वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त से सभी प्लेटफाॅर्मों पर सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही यह भी कहा कि वसंत पंचमी पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम सुधांशु रंजन, सीनियर डीओएम मो. इकबाल, सीनियर डीपीओ सूर्यजीत सिंह, आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत आदि मौजूद रहे।