पीडीडीयू नगर। प्रयागराज महाकुंभ में वसंत पंचमी पर होने वाले अमृत स्नान से पहले रविवार को पीडीडीयू जंक्शन पर 30 से 40 हजार यात्रियों की भीड़ पहुंच गई। हालांकि इनकी संख्या अनुमान से कम रही। यात्रियों को सुरक्षित ट्रेनों में सवार कराने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवान जुटे रहे।
प्रयागराज महाकुंभ में वसंत पंचमी पर अमृत स्नान के लिए स्टेशन पर उमड़ने भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन की तरफ से तैयारी की गई थी। हालांकि रविवार को स्टेशन पर अनुमान के अनुसार भीड़ नहीं पहुंची। रविवार को दिन भर में स्टेशन से 30 से 40 हजार यात्री प्रयागराज के लिए रवाना हुए। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत, जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, सीएसजी एनके मिश्र, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अभिषेक यादव, अक्षय कुमार व्यवस्था में जुटे रहे। स्टेशन अधीक्षक एसके सिंह ने बताया कि यात्रियों की अत्यधिक भीड़ नहीं होने की वजह से प्रयागराज के लिए कुंभ स्पेशल ट्रेन चलाने की जरूरत नहीं पड़ी। हालांकि प्रयागराज जाने वाली नियमित ट्रेनों में यात्रियों को सुरक्षित ढंग से चढ़ाया गया।